दोस्ती में हिसाब नहीं होना चाहिए, किसने कितना दिया, किसने कितना निभाया, किसने किसके लिए कितना खोया— इन सवालों का कोई जवाब नहीं होना चाहिए । जहाँ अपनापन होता है, वहाँ एहसानों की सूची नहीं बनती, वहाँ कोई उँगलियों पर नहीं गिनता कि किसने कितनी बार याद किया, किसने कितनी बार आवाज़ दी। जिसका मन किया, उसने कर दिया, जिससे जितना बन पड़ा, उसने दे दिया; किसी ने समय दिया, किसी ने अपना सुकून, किसी ने पूरी उम्र का एक हिस्सा— मगर किसी ने उसका मूल्य नहीं माँगा। प्रेम कोई व्यापार नहीं, जहाँ लाभ-हानि का बहीखाता खुले; दोस्ती कोई सौदा नहीं, जहाँ हर एहसान के बदले एक एहसान का हिसाब मिले। कुछ रिश्ते बस महसूस किए जाते हैं, उनमें शब्द कम, संवेदनाएँ अधिक होती हैं; वहाँ किसी के मौन को भी सुना जाता है, और उसकी अनुपस्थिति में भी उसके होने की जगह बची रहती है। क्योंकि प्रेम का अर्थ किसी को अपना बना लेना नहीं, बल्कि उसके सुख-दुःख में अपने अस्तित्व का अंश पा लेना है। दोस्ती का अंतिम पड़ाव भी यही है— जहाँ 'मैं' और 'तुम' के बीच कोई दीवार शेष न रहे; जहाँ दो अलग रास्ते चलते हुए भी मन एक ही दिशा में बहता र...