पापा के जाने के बाद मैंने बहुत ढूँढ़ा उन्हें… उनकी कुर्सी में, उनके कमरे में, पुरानी तस्वीरों में, उनकी आवाज़ की बची हुई गूँज में लेकिन कहीं नहीं मिले.. फिर एक दिन खाने की थाली में कुछ कम था… मैंने बिना शिकायत सब खा लिया। अचानक हाथ रुक गया… और लगा— ये आदत मेरी नहीं, पापा की है। तब समझ आया… कुछ लोग जाते-जाते अपनी आदतें नहीं छोड़ते, अपना पूरा व्यक्तित्व छोड़ जाते हैं.. उनके लिए अपना कोई कभी “कम” नहीं था। रिश्ते बचाने के लिए वो बहुत कुछ छोड़ सकते थे, लेकिन रिश्ते नहीं। आज जब मैं अपनों के लिए बिना हिसाब किए खड़ा हो जाता हूँ, तो भीतर से कोई कहता है— “तू अकेला नहीं है… तेरे साथ मैं हूँ।” तब लगता है— ये मेरी सोच नहीं… पापा अब भी मुझमें सोचते हैं.... उनके लिए परिवार सिर्फ परिवार नहीं था… वही उनकी दुनिया था। और मेरी दुनिया भी आज वहीं से शुरू होती है। अपने लोगों की खुशी में खुश होना, उनकी तकलीफ में बेचैन होना, बिना कहे उनके लिए कुछ कर गुजरना… शायद ये मैंने सीखा नहीं था। ये तो मुझे विरासत में मिला था। वो बहुत बड़े कलाकार थे। कला उनके लिए सिर्फ हुनर नहीं थी… वो उसमें उतर जाते थे। ...